नयी दिल्ली (पसुका):
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री चौधरी अजीत सिंह ने कहा है कि भारत और अमरीका के बीच 2005 से चल रही पूरी तरह स्वतंत्र नीति (ओपन स्काई पॉलिसी) से दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क, कनेक्टिविटी, व्यापार तथा पर्यटन में सुधार हुआ है। चौधरी अजीत सिंह ने यह बात नई दिल्ली में आज अमरीका के वाणिज्य सचिव जॉन ई. ब्रेसन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में कही।नागरिक उड्डयन मंत्री के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल में नागरिक उड्डयन सचिव, नागरिक उड्डयन महानिदेशक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित थे। अमरीका के प्रतिनिधिमंडल में अमरीका वाणिज्य विभाग,राज्य विभाग तथा विभिन्न अमरीकी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री ने भारत और अमरीका के बीच नागरिक उड्डयन क्षेत्र में मज़बूत हुए रिश्तों की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय तथा फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के बीच मुख्य समझौते से प्रबंधकीय कार्य-प्रणाली के विकास तथा आधुनिकीकरण में निभाई गई भूमिका को बताया । उन्होंने उन क्षेत्रों का भी उल्लेख किया जिसे भारत अमरीका उच्च प्रौद्योगिकी सहयोग समूह द्वारा भारत में निवेश और व्यापार हेतु सहयोग बढ़ाने के लिए चिन्हित किया गया है।
ब्रेसन ने कहा कि अमरीका ने हमेशा ही उड्डयन क्षेत्र में भारत के सहयोग को ऊंचा दर्जा दिया है तथा तदनुसार परस्पर हितों के क्षेत्रों में अधिक सहयोग करने पर कार्य किया है।
0 comments
एक टिप्पणी भेजें